बिहार में जमाबंदी पंजी का संधारण (1950- 2012 )इसकी खामियां.

सन् 1950 में जमींदारी प्रथा की समाप्ति के बाद, बिहार सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती हर नागरिक की भूमि का प्रामाणिक रिकॉर्ड तैयार करना और लगान वसूली को सुव्यवस्थित करना था। इसके लिए बिहार सरकार के खास महल मैनुअल के नियमों के तहत 'पंजी-II' (अभिधारी लेजर) को आधार बनाया गया। यह प्रारूप मुख्य रूप से एक वित्तीय और प्रशासनिक रजिस्टर था। इसके शीर्ष पर रैयत का नाम, खाता और विशिष्ट जमाबंदी नंबर दर्ज होता था, जबकि निचले हिस्से को 16 अलग-अलग कॉलमों में बांटकर पिछले 4 से 5 वर्षों के लगान, स्थानीय सेस (उपकर) के बकाए, चालू मांग (हाल) तथा अग्रिम भुगतान का लेखा-जोखा रखा जाता था। छह दशकों से भी अधिक समय तक इस प्रारूप ने राज्य के राजस्व ढांचे को संभाले रखा और जमीन के म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) के बाद नए मालिकों के नाम दर्ज करने का यह इकलौता कानूनी रजिस्टर बना रहा।

समय के साथ जनसंख्या बढ़ी और जमीनों का विखंडन हुआ, लेकिन रजिस्टर का यह प्रारूप पुराना ही रहा, जिसके संचालन में कई गंभीर कमियां उभर कर सामने आईं। यह रजिस्टर पूरी तरह अंचल कार्यालय के राजस्व कर्मचारी के पास भौतिक रूप में रहता था। आम जनता के लिए इसे देखना या अपनी जमाबंदी की जांच करना लगभग असंभव था, जिससे पारदर्शिता का सर्वथा अभाव रहा और रिकॉर्ड में हेरफेर की गुंजाइश बहुत ज्यादा बढ़ गई। इसके अतिरिक्त, मूल प्रारूप में एक बार जमाबंदी कायम होने के बाद, यदि उस जमीन को कई हिस्सों में बेचा गया या परिवार में बंटवारा हुआ, तो उसी छोटे से कॉलम में नए खरीदारों के नाम लिखना बेहद मुश्किल होता था। कर्मचारी अक्सर मार्जिन में या पन्नों के कोनों पर छोटे अक्षरों में प्रविष्टियां लिख देते थे, जो समय के साथ अपठनीय हो जाती थीं।

इस प्रारूप की एक सबसे बड़ी और गंभीर तकनीकी कमी यह थी कि इसमें खाता नंबर, प्लॉट नंबर, प्लॉट वार रकबा या प्लॉट वार चौहद्दी की प्रविष्टि के लिए कोई अलग से कॉलम नहीं था। इसके साथ ही, रजिस्टर में ऐसा कोई प्रावधान या कॉलम भी उपलब्ध नहीं था जिससे यह पता चल सके कि यदि नामांतरण (म्यूटेशन) के उपरांत कोई जमीन इस जमाबंदी में जुड़ रही है, तो वह किस मूल जमाबंदी से टूटकर आ रही है, अथवा यदि जमीन घट रही है, तो वह घटकर किस नई जमाबंदी पर स्थानांतरित (Transfer) हो रही है। इस लिंकिंग या क्रॉस-रेफरेंसिंग की व्यवस्था न होने के फलस्वरूप, एक ही जमीन की एक से अधिक जमाबंदियां दर्ज (क्रिएट) हो जाती थीं, जिससे बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी और कानूनी विवादों को बढ़ावा मिला।

इस व्यवस्था की एक और बड़ी समस्या इसके भौतिक रखरखाव से जुड़ी थी। 1950 से 2012 के बीच कई दशकों पुराने ये रजिस्टर फटने लगे, इनके पन्ने गल गए या कई अंचलों में ये रिकॉर्ड रूम से गायब हो गए, जिससे भू-माफियाओं को बल मिला और असली रैयतों के अधिकार प्रभावित हुए। साथ ही, जब कोई व्यक्ति जमीन खरीदता था, तो मैनुअल म्यूटेशन के कारण अंचल अधिकारी के आदेश के बाद भी कर्मचारी द्वारा पंजी-II के इस प्रारूप में नाम चढ़ाने और अपडेट होने में महीनों या सालों लग जाते थे। इन कमियों को दूर करने के लिए बिहार दाखिल ख़ारिज नियमावली 2011 जो बिहार दाखिल ख़ारिज अधिनियम 2011 के तहत बनाई गई है, उसमें नया प्रपत्र देकर इन कमियों को दूर कर दिया गया है।

Comments

Popular posts from this blog

अपना खतियान कैसे देखें (how to see your khatiyan)

बी० टी० एक्ट / बिहार काश्तकारी अधिनियम / बंगाल काश्तकारी अधिनियम-१८८५ (bengal tenancy act / bihar tenancy act / b t act -1885)

जमाबंदी पंजी ऑन लाइन कैसे देखें (how to see your jamabandi online)